बागेश्वर: डबल मर्डर से कुमाऊं की काशी बागेश्वर में सनसनी..माँ और बेटी का शव मिलने से पुलिस के माथे पर भी बल पड़े

खबर शेयर करें -

हिमांशु गड़िया की रिपोर्ट-

बागेश्वर : दोहरे हत्याकांड से बागेश्वर की गरुड़ घाटी दहल उठी। पहले मां और फिर बेटी का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस घटना से लोग दहशत में हैं। पुलिस ने दोनों शव बरामद कर लिए हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिए हैं। बता दे की दोपहर में ग्रामीणों को पिंगलों के हैगाड़ गधेरे में एक शव दिखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बैजनाथ पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बैजनाथ के थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। ग्रामीणों के अनुसार महिला के पेट में चोट के निशान थे और चेहरे में पत्थरों से कुचलने के निशान हैं। अज्ञात महिला का शव बरामद होने के कुछ घण्टों के बाद ही कुछ दूरी पर एक बच्ची का शव भी ग्रामीणों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष बिष्ट ने बताया कि जिस स्थान पर अज्ञात महिला का शव मिला, उस स्थान से दो-तीन खेत ऊपर एक बच्ची का शव भी बरामद किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात दोनों शव मां बेटी के भी हो सकते हैं। जांच के बाद ही सही पता चल पाएगा। दोनों शवों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस खोजबीन में जुट गई है। पुलिस ने मौके से एक चाकू भी बरामद किया। पुलिस अब तेजी से जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष बिष्ट ने बताया कि शीघ्र ही महिला और बच्ची की शिनाख्त और उनके हत्यारों का पता चल जाएगा।