7 नवंबर को मुख्यमंत्री से मिलेंगे उत्तराखंड के राज्य आंदोलनकारी, इन मांगों पर होगी चर्चा
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के राज्य चिन्हित आंदोलनकारी 7 नवंबर, 2025 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में एक महत्वपूर्ण मुलाकात करेंगे। यह जानकारी अल्मोड़ा निवासी राज्य आंदोलनकारी दीवान सिंह धपोला ने दी।
उन्होंने बताया कि संगठन के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह रावत (निवासी थराली, चमोली) के साथ फोन पर चर्चा के बाद यह समय निर्धारित किया गया है। सभी आंदोलनकारियों से सुबह 10:00 बजे सीएम आवास, देहरादून पहुंचने का अनुरोध किया गया है।
प्रमुख मांगें
इस मुलाकात के दौरान आंदोलनकारी मुख्यमंत्री के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखेंगे:
- अन्य वर्गों की तर्ज पर राज्य आंदोलनकारियों/सेनानियों की सम्मानजनक पेंशन में वृद्धि की जाए।
- राज्य आंदोलनकारियों के आश्रितों को पिछली नियुक्तियों के समय से 10% क्षतिपूर्ति आरक्षण दिया जाए।
- सन 1994 के राज्य आंदोलन की मांग के आधार पर पूरे उत्तराखंड को पिछड़ा क्षेत्र घोषित कर 27% ओबीसी आरक्षण के दायरे में लाया जाए।
धपोला ने बताया कि इस मुलाकात में दीवान सिंह धपोला, जमन सिंह बिष्ट, गुंजन सिंह भंडारी, डी.के. जोशी, भानु तिलारा, जीवन चंद्र जोशी सहित कई वरिष्ठ आंदोलनकारी उपस्थित रहेंगे।
