पूर्व केबिनेट मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल के जन्मदिवस पर विधानसभा अध्यक्ष ने किया वृक्षारोपण एवं जरूरतमंद को बांटी राशन किट

खबर शेयर करें -

 

Uttrakhand Times/ ऋषिकेश 15 जुलाई। पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं हरिद्वार से लोकसभा सांसद रमेश पोखरियाल निशंक के जन्म दिवस के अवसर पर आज उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने 62 जरूरतमंद लोगों को राशन सामग्री वितरित की।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने निशंक को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के संग पौधारोपण भी किया।

बैराज स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि निशंक जी ने अपने शिक्षा मंत्री के कार्यकाल में देश की शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने के लिए अपना विशेष योगदान दिया है।

विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल जी  ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए लोकसभा सांसद का उन्हें भरपूर सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त होता रहता है। उन्होंने  कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सड़क मार्गों का निर्माण, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य कार्यों के लिए योजनाओं को स्वीकृत कराने के लिए लोकसभा सांसद का हमेशा सहयोग मिलता रहा है।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने केंद्र एवं राज्य में संगठन को मजबूत करने के लिए प्रारम्भ से ही अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से सतर्क रहने का आह्वान किया वहीं उन्होंने मास्क एवं सैनिटाइजर का उपयोग अनिवार्य रूप से करने की बात कही।  विभिन्न संगठनों के सहयोग से कोरोना काल में उनके द्वारा कई हजार जरूरतमंद लोगों को राशन सामग्री वितरित की गई है जो कि इस विकट परिस्थिति में जरूरतमंद लोगों को लाभकारी सिद्ध हुई है।श्री अग्रवाल ने कहा कि कोरोना संक्रमण के काल में उनकी कोशिश रही है कि कोई भी व्यक्ति भूखा ना रहे।उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सेवा करने से बड़ा कार्य कुछ भी नहीं हो सकता। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने लोगों को मास्क एवं सैनिटाइजर भी वितरित किए।

इस अवसर पर खैरीकला प्रधान चंद्रमोहन पोखरियाल, नगर निगम पार्षद जयेश राणा, पूर्व नगर निगम पार्षद कविता शाह, अनीता तिवारी, नेहा नेगी, रविंद्र राणा, भूपेंद्र राणा, पुनीत भंडारी, रजनी बिष्ट, हरदीप सैनी, अनुराग अरोड़ा, ज्ञान शर्मा, योगेंद्र सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।