नगर निगम क्षेत्र में भी बनेंगे आधार केंद्र, तहसील में बढ़ाई जाएगी क्षमता
ऋषिकेश: नगर क्षेत्र में आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन को लेकर लंबे समय से लोगों को हो रही परेशानियों को देखते हुए प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब नगर निगम क्षेत्र में भी आधार एनरोलमेंट के केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम को दो नई मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी, जबकि केंद्रों के संचालन के लिए उपयुक्त स्थान नगर निगम स्वयं तय करेगा।
तहसील कार्यालय में प्रतिदिन बढ़ती भीड़ और समय की कमी के चलते आधार सेवाओं में लोगों को टोकन न मिलने जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए प्रशासन ने तहसील में आधार कार्यों की क्षमता बढ़ाने का भी निर्णय लिया है।
तहसील प्रशासन के अनुसार, आधार कार्ड बनाने और उसमें सुधार के लिए टोकन वितरण का समय अब सुबह 9:30 बजे से 10:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान आने वाले लोगों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर टोकन दिए जाएंगे। टोकन व्यवस्था के बाद ही आगे की प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी, ताकि भीड़ नियंत्रण में रहे और सेवाएं सुचारू रूप से संचालित की जा सकें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में आधार केंद्र खुलने से दूर-दराज से तहसील पहुंचने की बाध्यता से मुक्ति मिलेगी और समय की बचत भी होगी। उम्मीद है कि नए केंद्र खुलने और अतिरिक्त मशीनों के मिलने से आधार से जुड़ी सेवाओं में तेजी आएगी तथा रोजमर्रा के कार्यों में जनता को राहत मिलेगी।
