Aero India: ‘भारत ने लंबे समय से शांति, सुरक्षा का किया समर्थन’, रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन में बोले राजनाथ
Aero India 2025: बंगलूरू में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित किया है। इस दौरान उन्होंने भारत और दुनिया के तमाम पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए हैं। इस बैठक में उनके साथ रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में एयरो इंडिया 2025 के तहत रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संबोधित किया है। इस दौरान उन्होंने कहा, भारत ने लंबे समय से शांति, सुरक्षा और विकास के दृष्टिकोण का समर्थन किया है, जो सहयोगात्मक है। रक्षा मंत्री ने आगे कहा, संघर्षों की बढ़ती संख्या ने हमारी दुनिया को और अधिक अप्रत्याशित बना दिया है। रक्षा मंत्री ने इस मौके पर कहा-इसके अलावा, साइबरस्पेस और आउटर स्पेस के आयाम संप्रभुता की स्थापित परिभाषा को चुनौती दे रहे हैं।
फ्रंट लाइन की परिभाषा आज तेजी से बदल रही है’
एयरो इंडिया 2025 के तहत आयोजित रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत का मानना है कि कमजोर स्थिति से अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और शांति सुनिश्चित नहीं की जा सकती। राजनाथ सिंह ने कहा, भारत का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था, शांति को कमजोर स्थिति से सुनिश्चित नहीं किया जा सकता है। रक्षा में अनुसंधान, विकास, नवाचार के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में भारत का उभरना हमारी क्षमताओं का प्रमाण है। भारत की रक्षा कूटनीति स्थायी द्विपक्षीय, बहुपक्षीय संबंधों के निर्माण के लिए हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
