देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिहार चुनाव जीत पर जमकर मनाया जश्न

खबर शेयर करें -

देहरादून : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की अभूतपूर्व और ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है। इसी कड़ी में देहरादून महानगर में भी माहौल उत्सवमय हो उठा, जहां एनडीए की दो-तिहाई से अधिक सीटों पर मिली जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार तरीके से जश्न मनाया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित उत्सव में कार्यकर्ताओं ने जीत को लोकतंत्र की विजय और जनता के विश्वास की जीत बताया। सुबह से ही देहरादून महानगर भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ना शुरू हो गया था। दोपहर तक उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया। भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचकर जीत की खुशी का इजहार किया। कार्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में “भाजपा जिंदाबाद”, “मोदी-मोदी”, “भारत माता की जय” के नारों की गूंज लगातार सुनाई देती रही। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की और विजय जुलूस भी निकाला।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि“एनडीए द्वारा दो-तिहाई बहुमत प्राप्त करना एक ऐतिहासिक क्षण है। बिहार की जनता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वह विकास, सुशासन और स्थिरता को प्राथमिकता देती है। यह अभूतपूर्व जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के विश्वास और भाजपा की नीतियों की स्वीकार्यता को दर्शाता है।”अग्रवाल ने आगे कहा कि बिहार की जनता और भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं ने मिलकर जो इतिहास रचा है, वह आने वाले समय के राजनीतिक परिदृश्य के लिए भी एक सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह जीत देशभर में भाजपा के बढ़ते जनाधार और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा महानगर कार्यालय में उत्साह का माहौल देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष राजेश कंबोज, संकेत नौटियाल, विजेंद्र थपलियाल, जगदीश सेमवाल, सुरेंद्र राणा, अक्षर जैन, आशीष शर्मा, प्रदीप कुमार, सुमित पांडे, संतोष कोटियाल, प्रदीप दुग्गल, रतन चौहान, मलकीत सिंह, अंकुर जैन, गुरप्रीत, राहुल पवार सहित अन्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।इसके अलावा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, वरिष्ठ कार्यकर्ता और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी उत्सव में शामिल हुए और सभी ने मिलकर एनडीए की ऐतिहासिक जीत का उल्लासपूर्ण माहौल में जश्न मनाया।

Ad