सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भाजपा की पदयात्रा
ऋषिकेश: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भाजपा जिला ऋषिकेश द्वारा पदयात्रा का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से निकाली गई इस पदयात्रा में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान पूरा शहर “एकता ज़िंदाबाद”, “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” जैसे नारों से गूंजता रहा। पदयात्रा का शुभारंभ सुबह श्यामपुर पुलिस चौकी से हुआ। भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगे और सरदार पटेल के चित्र लिए हुए आगे बढ़ रहे थे। यात्रा विभिन्न मोहल्लों, बाज़ारों और प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए त्रिवेणी घाट स्थित गांधी मूर्ति पर पहुंची, जहां इसका विधिवत समापन किया गया। रास्ते भर लोगों ने पदयात्रा का स्वागत किया और सरदार पटेल की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। महिलाएँ, युवा, वरिष्ठ कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा के दौरान भारत की एकता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के संदेश को प्रमुखता से रखा गया। कार्यकर्ताओं ने जनमानस को सरदार पटेल के योगदान तथा उनके राष्ट्रनायक रूप की याद दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने दमखम और अडिग इच्छाशक्ति से देश के 562 रियासतों का सफल एकीकरण कर आधुनिक भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा, “आज हम जिस एक भारत को देखते हैं, वह सरदार पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।
पदयात्रा के दौरान विशेष रूप से पूर्व सैनिकों और बलिदानी सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया गया। भाजपा नेताओं ने उनके योगदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया। सम्मान समारोह के दौरान भावुक क्षण भी देखने को मिले, जब कार्यकर्ताओं ने खड़े होकर तालियों से उनका अभिवादन किया। स्थानीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण और एकता के सिद्धांतों को आधुनिक भारत में पुनर्जीवित किया है। उन्होंने कहा कि “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी न केवल विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा है, बल्कि यह भारत की एकता, शक्ति और संकल्प का प्रतीक भी है।” उन्होंने पदयात्रा को सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
पदयात्रा में भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इसमें प्रमुख रूप से महापौर शंभू पासवान, दायित्वधारी सुरेंद्र मोघा, जिला संयोजक संपूर्ण रावत, सीमा रानी, जयंत शर्मा, सतीश सिंह, देवदत्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष चमन पोखरिया, सुरेंद्र बिष्ट, सुरेंद्र सुमन, नीतिन सक्सेना, चंदू यादव, सुजीत यादव, रुचि जैन सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। त्रिवेणी घाट पर पहुंचकर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद सभी ने भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देशभक्ति, त्याग, साहस और दृढ़ता का आदर्श है, और हर भारतीय को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। पदयात्रा का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
