सीएम योगी आदित्यनाथ कोटद्वार पहुंचे, सिद्धबली बाबा के किए दर्शन

खबर शेयर करें -

कोटद्वार: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कोटद्वार आगमन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। मुख्यमंत्री योगी सुबह अलीगढ़ से विशेष हेलीकॉप्टर द्वारा कोटद्वार के ग्रास्टनगंज स्थित हैलीपैड पर पहुंचे, जहां स्थानीय प्रशासन और भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पहले से ही मुस्तैद थे।

हैलीपैड से मुख्यमंत्री का काफिला सीधे कोटद्वार के प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री सिद्धबली बाबा मंदिर की ओर रवाना हुआ। मंदिर परिसर में पहुंचने पर योगी आदित्यनाथ ने विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा के दर्शन किए और देश-प्रदेश की समृद्धि एवं जन-कल्याण की कामना की। मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पारंपरिक रूप से अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट किया। उनके आगमन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे, जिन्होंने योगी आदित्यनाथ का अभिवादन किया।

सिद्धबली बाबा के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी बड़ी बहन कौशल्या देवी के आवास का रुख किया। पारिवारिक परिवेश में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने अपनी बहन से मुलाक़ात की और हाल ही में हुए एक पारिवारिक दुःख पर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान आसपास के क्षेत्र में भावुक माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर उनके कुशल-क्षेम की जानकारी भी ली।

योगी आदित्यनाथ के इस निजी दौरे को देखते हुए प्रशासन ने शहर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया, वहीं यातायात को भी आवश्यकतानुसार नियंत्रित किया गया। दौरे के कारण मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखा गया।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री का यह संक्षिप्त दौरा मुख्य रूप से धार्मिक दर्शन और पारिवारिक मुलाक़ात पर केंद्रित था, जिसके बाद वह वापस लौट गए। उनके आगमन ने कोटद्वारवासियों में अलग ही उत्साह का माहौल बना दिया।

Ad