विरभद्र में बिरसा मुंडा जयंती पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अर्पित की श्रद्धांजलि
ऋषिकेश : विरभद्र क्षेत्र में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम आदिवासी समाज के महानायक और धरती आबा बिरसा मुंडा जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जहां डॉ. अग्रवाल ने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बिरसा मुंडा भारतीय इतिहास के ऐसे महान योद्धा थे, जिन्होंने अपने अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और नेतृत्व के बल पर आदिवासी समाज एवं राष्ट्रहित में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा “बिरसा मुंडा ने अपने अलौकिक साहस और जनसेवा की भावना से देश को एक नई चेतना प्रदान की। वे केवल महान जननायक ही नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और संघर्ष के प्रतीक थे। उनके जीवन से हमें सत्य, साहस, समर्पण और राष्ट्रप्रेम का संदेश मिलता है।”

डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि आज उनकी जयंती पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज सेवा को जीवन का लक्ष्य बनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन हमें हमेशा प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में स्थानीय जनता ने सहभागिता की और बिरसा मुंडा जी के जीवन एवं विचारों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धा से नमन किया। कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा, आरती दुबे, प्रिया ढकाल, नीलम, उषा देवी, नीलू बिष्ट, तिलक चौहान सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ और अंत में सभी उपस्थित जनों ने बिरसा मुंडा के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प दोहराया।
