गर्मियों का अमृत: कोकम से पाएं 5 बेहतरीन फायदे, इम्यूनिटी से ग्लोइंग स्किन तक


कोकम, स्वादिष्ट और सेहतमंद, पाचन, हृदय और त्वचा के लिए लाभकारी है। यह पेट की समस्याओं से राहत, प्रतिरक्षा में सुधार और गर्मी में ठंडक प्रदान करता है।
कोकम, जिसे गार्सिनिया इंडिका के नाम से भी जाना जाता है, एक खट्टा फल है जिसका उपयोग सदियों से औषधीय रूप में किया जाता रहा है। महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक में यह विशेष रूप से लोकप्रिय है। कोकम का उपयोग विभिन्न रूपों में किया जा सकता है, जिसमें भोजन, मसाले, दवा और तेल शामिल हैं। इसका जूस भी बेहद स्वादिष्ट होता है।
कोकम एंटीऑक्सिडेंट, विटामिन सी, आयरन और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाते हैं।
पाचन को रखे दुरुस्त
कोकम में मौजूद एसिड्स डाइजेशन को मजबूत बनाने में रामबाण से कम नहीं है। यह अपच, गैस, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। गर्मी के मौसम में कोकम का शरबत पीने से पेट ठंडा रहता है और डाइजेस्टिव सिस्टम दुरुस्त रहता है।
वेट लॉस में फायदेमंद
अगर आप तेजी से वजन कम करना चाहते हैं तो आपको अपनी डाइट में कोकम जरूर शामिल करना चाहिए। इसमें हाइड्रॉक्सीसिट्रिक एसिड (HCA) होता है, जो भूख को कंट्रोल करता है। इससे मेटाबॉलिज्म तेज होता है। आप ओवरईटिंग से बच सकते हैं। कुल मिलकार ये शरीर में जमी चर्बी को कम करता है।
इम्युनिटी को बनाए मजबूत
कोकम खाने से इम्युनिटी स्ट्रांग होती है। अगर आप मौसमी बीमारियों से परेशान रहते हैं तो इसका मतलब है कि आपकी इम्युनिटी कमजोर है। इसे मजबूत करने के लिए आपको कोकम जरूर खाना चाहिए। कोकम एंटी बैक्टीरियल, और एंटी इंफ्लेमेट्री गुणों से भरपूर होता है। ये आपको मौसमी बीमारियों से बचाकर रखता है।
डिहाइड्रेशन से बचाए
गर्मियों में शरीर में पानी की कमी होना आम समस्या है। कोकम में इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं, जो शरीर को हाइड्रेट रखते हैं और डिहाइड्रेशन से बचाते हैं। यह शरीर को ठंडक भी प्रदान करता है।
ग्लोइंग स्किन के लिए फायदेमंद
कोकम में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी जैसे गुण भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ये त्वचा को चमकदार बनाने का काम करते हैं। ये बालों को भी मजबूती प्रदान करते हैं।
ऐसे करें डाइट में शामिल
- आप कोकम का शरबत बनाकर पी सकते हैं।
- दाल, करी और सूप में स्वाद बढ़ाने के लिए भी कोकम काट कर डाल सकते हैं।
- कोकम बटर त्वचा और बालों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
