मुख्यमंत्री धामी पर आधारित पुस्तक ‘पुष्कर धामी: हिमालय की जीवन धारा’ का राज्यपाल ने किया विमोचन

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के व्यक्तित्व, कार्यशैली और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को रेखांकित करती महत्वपूर्ण पुस्तक “पुष्कर धामी हिमालय की जीवन धारा” के हिंदी और अंग्रेज़ी संस्करणों का आज राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल, सेवानिवृत्त गुरमीत सिंह ने औपचारिक विमोचन किया। राजभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि, लेखक, शोधकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

विमोचन कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने कहा कि यह पुस्तक न केवल मुख्यमंत्री धामी की जीवन यात्रा को समझने का अवसर देती है, बल्कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे परिवर्तनकारी और ऐतिहासिक कार्यों का भी दस्तावेज प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि राज्य में जब-जब कोई बड़ी आपदा आई चाहे बादल फटना हो, भूस्खलन, बाढ़ या प्राकृतिक संकट मुख्यमंत्री धामी व्यक्तिगत रूप से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर पीड़ितों के बीच खड़े रहे। उनकी संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी ने हजारों परिवारों को उम्मीद और सहारा प्रदान किया।

राज्यपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने युवा नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। उनके शासनकाल में केदारनाथ पुनर्निर्माण, चारधाम यात्रा प्रबंधन, सड़क और कनेक्टिविटी परियोजनाओं, महिला सशक्तिकरण योजनाओं तथा भ्रष्टाचार निरोधक कदमों ने प्रदेश को नई दिशा दी है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह पुस्तक आने वाली पीढ़ियों को उत्तराखंड के विकास यात्रा और नेतृत्व के महत्व को समझने में सहायक होगी।

कार्यक्रम में उपस्थित लेखकों ने बताया कि पुस्तक में मुख्यमंत्री धामी के बचपन, शिक्षा, राजनीतिक करियर, निर्णयों, कठिन परिस्थितियों में नेतृत्व और विकास-मॉडल जैसे कई पहलुओं का विस्तृत दस्तावेजीकरण किया गया है। पुस्तक के माध्यम से पाठक यह जान पाएंगे कि कैसे एक सामान्य परिवार से निकलकर धामी ने राज्य के शीर्ष पद तक अपनी पहचान बनाई।

समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने आशा व्यक्त की कि यह पुस्तक उत्तराखंड के सामाजिक, राजनीतिक और ऐतिहासिक अध्ययन में एक महत्वपूर्ण योगदान साबित होगी।

Ad