अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोना 3943.10 डॉलर और चांदी 46.48 डॉलर प्रति औंस पर पहुंची

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : दिवाली के बाद कीमती धातुओं के बाजार में गिरावट का रुख देखने को मिल रहा है। जहां त्योहारों के दौरान सोना और चांदी के दामों में तेजी बनी हुई थी, वहीं अब बाजार में ठंडक लौट आई है। निवेशकों और ग्राहकों के लिए यह खबर राहत भरी है क्योंकि सोना और चांदी दोनों के दामों में गिरावट दर्ज की गई है।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोना 3943.10 डॉलर प्रति औंस और चांदी 46.48 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई है। वहीं घरेलू बाजार में भी कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। एमसीएक्स पर सोना 1,18,700 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,42,031 रुपए प्रति किलोग्राम रही। दोनों धातुएं करीब 3-3 हजार रुपए तक सस्ती हुई हैं।

आईबीजेए की रिपोर्ट के अनुसार भी सोना-चांदी के रेट्स में गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट के पीछे अंतर्राष्ट्रीय बाजार में डॉलर की मजबूती और निवेशकों द्वारा मुनाफा वसूली को मुख्य कारण माना जा रहा है।त्योहारी सीजन के दौरान भारी खरीदारी के बाद अब बाजार में मांग कम हो गई है। ज्वेलर्स का कहना है कि दिवाली के बाद लोग खर्च में कटौती करते हैं, जिससे सोना-चांदी की बिक्री पर असर पड़ता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक यह गिरावट अल्पकालिक है। आने वाले हफ्तों में बाजार फिर से संभल सकता है। डॉलर इंडेक्स और अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक परिस्थितियों में बदलाव होने पर सोने की कीमतों में फिर उछाल देखने को मिल सकता है।

फिलहाल, शादी-ब्याह के सीजन की शुरुआत से पहले उपभोक्ताओं के लिए यह खरीदारी का अच्छा मौका साबित हो सकता है।

Ad