वंदे मातरम 150 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने प्रदेश भर में शुरू किया विशेष अभियान राष्ट्रीयता की अलख जगाने का संकल्प

खबर शेयर करें -

देहरादून : वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने पूरे प्रदेश में ‘वंदे मातरम 150 अभियान’ की शुरुआत की। पार्टी मुख्यालय में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार के नेतृत्व में सामूहिक वंदे मातरम गान के साथ अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि वंदे मातरम गीत केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आराधना और भारत माता के प्रति समर्पण की सर्वोच्च भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 150 वर्ष पूर्व यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भारतीयों में राष्ट्रभक्ति की ज्योति जगाता था और आज भी यह पूरे भारत को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रहा है।

प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक एकता के संदेश को और अधिक सशक्त बनाना चाहती है। उन्होंने बताया कि अभियान पूरे माह भर चलेगा, जिसके अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर वंदे मातरम गान सहित कई राष्ट्रीयता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वक्ताओं ने कहा कि वंदे मातरम गीत ने आज़ादी की लड़ाई में ऐतिहासिक भूमिका निभाई और भारतीय चेतना को दृढ़ किया। आज भी यह गीत हर भारतीय के मन में ऊर्जा, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में वंदे मातरम का उद्घोष कर राष्ट्रभक्ति की अलख को और प्रबल करने का संकल्प लिया।

Ad