टिहरी और कर्णप्रयाग रूट पर फिर दौरेंगी रोडवेज की बसें, ऋषिकेश डिपो ने शुरू की तैयारी

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : लंबे समय से बंद पड़ी टिहरी और कर्णप्रयाग रूट की बस सेवा जल्द ही दोबारा शुरू होने जा रही है। परिवहन निगम ऋषिकेश डिपो इस माह के अंत तक इन मार्गों पर नियमित संचालन बहाल करने की तैयारी में जुट गया है। करीब एक साल से बंद पड़ी बस सेवा के दोबारा शुरू होने से टिहरी, नई टिहरी, कर्णप्रयाग सहित ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

डिपो प्रशासन के अनुसार, परिवहन निगम को इस माह के अंत तक छह नई बसें मिलने की उम्मीद है। नई बसें मिलने के साथ ही टिहरी और कर्णप्रयाग रूट पर संचालन बहाल कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इन रूटों पर पहले नियमित बस सेवा संचालित होती थी, लेकिन वाहनों की कमी के कारण पिछले एक वर्ष से सेवा बंद पड़ी है।

वर्तमान में परिवहन निगम की ओर से चंडीगढ़ से बी.पुरम–टिहरी, दिल्ली–नई टिहरी और दिल्ली–कर्णप्रयाग के लिए बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर ऋषिकेश से टिहरी और कर्णप्रयाग जाने वाले यात्रियों को इसके बंद होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

यात्रियों का कहना है कि निजी वाहनों पर निर्भरता बढ़ने से किराया बढ़ गया है और समय की भी काफी बर्बादी हो रही है। ऐसे में बस सेवा के दोबारा शुरू होने से न केवल आम लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि छात्रों, कर्मचारियों और पर्वतीय क्षेत्रों में आने-जाने वालों की यात्रा भी सुगम होगी।

परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि बसों की उपलब्धता होते ही समय सारणी जारी कर दी जाएगी। रूटों का सर्वेक्षण कर मुख्य स्टॉपेज और यात्रियों की सुविधा के अनुसार संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने सरकार और परिवहन विभाग से जल्द सेवा बहाल करने की मांग की है। उम्मीद की जा रही है कि नई बसें आने के साथ ही महीने के अंत तक दोनों रूटों पर बसें फिर से सड़क पर दौड़ती नजर आएंगी।

Ad