सरप्राइज विजिट: अनंत अंबानी का ऋषिकेश दौरा, ताज होटल बना ठिकाना, साथ में दिखा अंबानी परिवार!


उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे आकाश और अनंत अंबानी पत्नियों श्लोका मेहता और राधिका मर्चेंट के साथ गोपनीय निजी यात्रा पर ऋषिकेश पहुंचे। उन्होंने परमार्थ निकेतन में गंगा आरती और यज्ञ में भाग लिया, साथ ही स्वामी चिदानंद सरस्वती से आशीर्वाद प्राप्त किया।
देश के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे आकाश और अनंत अंबानी अपनी पत्नियों श्लोका मेहता और राधिका मर्चेंट के साथ शनिवार को निजी दौरे पर ऋषिकेश पहुंचे। उन्होंने परमार्थ निकेतन में गंगा आरती और यज्ञ में हिस्सा लिया। रविवार दोपहर को वे ऋषिकेश से रवाना हो गए। सूत्रों के अनुसार, वे शनिवार दोपहर को बयासी स्थित ताज होटल में ठहरे थे और शाम को परिवार के साथ परमार्थ निकेतन में दो घंटे तक चली गंगा आरती में शामिल हुए।
यज्ञ में शामिल हुआ अंबानी परिवार
उन्होंने सुख-समृद्धि की कामना के लिए यज्ञ में भी हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने संस्था के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती से भेंट की और आशीर्वाद लिया। यहां से वे वापस अपने होटल के लिए निकले और होटल में रात बिताई।
परिवार ने ऋषिकेश के नैसर्गिक सौंदर्य का आनंद लिया। वहीं, अनंत व आकाश की यात्रा को पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने गोपनीय रखा। मीडिया को भी उनके दौरे की भनक लगने नहीं दी।
