नेपाल के राष्ट्रीय लोक गायक जीवन शर्मा पहुंचे श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, निःशुल्क सेवाओं की सराहना
रायवाला। भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 100वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित शताब्दी उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को रायवाला स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में नेपाल के राष्ट्रीय लोक गायक जीवन शर्मा पहुंचे। उन्होंने अस्पताल द्वारा प्रदान की जा रही पूर्णतः निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का अवलोकन किया।
अस्पताल प्रबंधन से जानकारी प्राप्त कर जीवन शर्मा ने कहा कि श्री सत्य साईं संस्थान की सभी सेवाएं जरूरतमंद लोगों के लिए ईश्वरीय वरदान हैं। उन्होंने नेपाल में भी ऐसे निःशुल्क चिकित्सा संस्थानों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस दौरान जीवन शर्मा ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 100वें जन्मदिवस की स्मृति में स्मृति चिन्ह और फल भेंट किए।
इस अवसर पर सूर्यविक्रम शाही, अच्युत जोशी, हॉस्पिटल की एचआर ऋतु थपलियाल, डॉ. रजनी सिंह, आशा चंचल, उषा रतूड़ी, और पूजा देवरानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
