उत्तराखंड कांग्रेस में नई टीम की घोषणा, गणेश गोदियाल बने प्रदेश अध्यक्ष

खबर शेयर करें -

देहरादून : लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा के बाद कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने आखिरकार उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। इस सूची के जारी होने से उत्तराखंड कांग्रेस में नई हलचल और उत्साह का माहौल बन गया है।प्रदेश कांग्रेस मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने यह निर्णय संगठन को नई दिशा देने और जमीनी स्तर पर कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से लिया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए अनुभवी नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, पूर्व मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दोनों नेताओं का अनुभव और संगठनात्मक समझ आगामी राजनीतिक रणनीतियों के निर्माण में उपयोगी साबित होगी। इसके साथ ही करण माहरा को कांग्रेस कार्य समिति का विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। पार्टी का मानना है कि करण माहरा की संगठनात्मक सक्रियता और युवाओं में उनकी लोकप्रियता से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।

राजीव महर्षि ने बताया कि कांग्रेस हाईकमान ने राज्यभर में संगठन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की सूची भी जारी कर दी है। इन नियुक्तियों में वरिष्ठता और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है ताकि हर जिले में संगठन को सशक्त किया जा सके। उन्होंने आगे बताया कि कांग्रेस हाईकमान ने मनोज यादव को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस का सह प्रभारी नियुक्त किया है। यादव संगठनात्मक मामलों के समन्वय और प्रदेश नेतृत्व के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने का कार्य संभालेंगे।

कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, इन नई नियुक्तियों के साथ पार्टी ने राज्य में अपनी संगठनात्मक तैयारियों को नए सिरे से गति देने की शुरुआत कर दी है। प्रदेश कांग्रेस का मानना है कि अनुभवी और युवा नेताओं का यह संयोजन आने वाले विधानसभा चुनावों और राजनीतिक अभियानों के लिए पार्टी को मजबूत आधार प्रदान करेगा। कांग्रेस के भीतर इन घोषणाओं के बाद कार्यकर्ताओं में जोश और उम्मीद का माहौल है। विभिन्न जिलों से नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाइयाँ और शुभकामनाएँ मिल रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन बदलावों से राज्य में कांग्रेस की स्थिति मजबूत होगी और संगठनात्मक स्तर पर पार्टी का प्रदर्शन आने वाले दिनों में और बेहतर दिखाई देगा।

Ad