उत्तराखंड को BRAP 2024 में पांच सुधार श्रेणियों में टॉप अचीवर्स अवॉर्ड, उद्योग और निवेश के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि

खबर शेयर करें -

नई दिल्ली/देहरादून : उत्तराखंड ने औद्योगिक और निवेश सुधारों के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। व्यापार सुधार कार्य योजना 2024 के अंतर्गत राज्य को पांच प्रमुख सुधार श्रेणियों में टॉप अचीवर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह देश में किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश द्वारा प्राप्त सर्वोच्च पुरस्कार संख्या है।मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित उद्योग समागम 2025 में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तराखंड सरकार के उद्योग सचिव विनय शंकर पांडे और महानिदेशक एवं आयुक्त उद्योग डॉ. सौरभ गहरवार को यह पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भी मौजूद रहे।

उत्तराखंड को यह सम्मान व्यवसाय प्रवेश, निर्माण परमिट सक्षमकर्ता, पर्यावरण पंजीकरण, निवेश सक्षमकर्ता और श्रम विनियमन सक्षमकर्ता जैसे पांच सुधार क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला है। यह उपलब्धि राज्य की व्यापार सुगमता यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ती है।उद्योग सचिव विनय शंकर पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य ने सुधारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि राज्य ने आवेदन, ऑनलाइन भुगतान, रीयल टाइम ट्रैकिंग और मंजूरी जैसी सभी प्रक्रियाओं को पूरी तरह डिजिटलीकृत कर दिया है। अब 20 से अधिक विभागों की 200 से अधिक सेवाएं एकल खिड़की प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि निवेशकों को भी काफी सुविधा मिली है। प्रमुख विभागों जैसे राजस्व, श्रम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विकास प्राधिकरण, वन, सिंचाई, जल संस्थान और विद्युत को इस प्रणाली में जोड़ा गया है।निवेशकों की और बेहतर सहायता के लिए राज्य ने उत्तराखंड सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ इन्वेस्टमेंट, स्टार्टअप एंड एंटरप्रेन्योरशिप की स्थापना की है, जो निवेशकों को परियोजना सहायता और मार्गदर्शन प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “हमारा लक्ष्य राज्य को औद्योगिक निवेश के लिए देश का अग्रणी गंतव्य बनाना है। BRAP 2024 में सर्वोच्च पुरस्कार मिलना हमारी पारदर्शी नीतियों, उद्योग-अनुकूल वातावरण और निवेशकों के विश्वास का प्रमाण है। यह उपलब्धि राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलेगी।”इस उपलब्धि के साथ उत्तराखंड ने खुद को एक पारदर्शी, निवेशक-अनुकूल और तेजी से विकसित होने वाले राज्य के रूप में स्थापित कर लिया है।

Ad