टिहरी: जाखणीधार के बड़कोट में दो दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर, 169 लोगों ने लिया हिस्सा
टिहरी गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड जाखणीधार के राजकीय इंटर कॉलेज बड़कोट में दो दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के 169 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि विभिन्न विभागों से जुड़ी 17 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जहां 30 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का भी वितरण किया गया।कार्यक्रम में ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना है।
उन्होंने रोजगार, स्वरोजगार, आवास, सामाजिक सुरक्षा, पोषण, महिला सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन और पलायन रोकथाम से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
विधायक ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में ही विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजेश नौटियाल ने की।
इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख त्रिलोक बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य शकुंतला पंवार, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, बीडीओ रोशन लाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
