‘हम दो, हमारे पांच’ का नारा, BJP सांसद गजेंद्र सिंह पटेल बोले- हिंदू कम से कम पांच बच्चे पैदा करें

खबर शेयर करें -

बड़वानी: मध्य प्रदेश के खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद एवं पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने हिंदू समुदाय से कम से कम पांच बच्चे पैदा करने की अपील की है। उन्होंने ‘हम दो, हमारे पांच’ का नारा देते हुए देश में बदलते जनसांख्यिकीय स्वरूप को लेकर चिंता जताई।

सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने यह बयान शुक्रवार देर रात बड़वानी स्थित कालिका मंदिर में नवरात्रि उत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण को लेकर संतुलन नहीं रहा तो आने वाले समय में हिंदू समुदाय अल्पसंख्यक हो सकता है।

‘युवाओं को डेमोग्राफिक पैटर्न समझना चाहिए’ बैठक में सांसद पटेल ने कहा कि युवाओं को आजादी के बाद से देश में हुए जनसांख्यिकीय बदलाव को समझने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि हिंदुओं की जन्मदर 1.9 है, जबकि दूसरे समुदाय की जन्मदर 2.9 बताई जा रही है।

उन्होंने युवाओं से समय पर विवाह करने और परिवार में कम से कम पांच बच्चे पैदा करने की सलाह दी। सांसद ने कहा कि जनसंख्या के बदलते स्वरूप को लेकर लोगों को जागरूक होना चाहिए।

‘इस मुद्दे पर बोलने से डरता नहीं हूं’ गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि वह इस मुद्दे पर अपनी बात रखने से डरते नहीं हैं। उन्होंने जनसंख्या संतुलन को देश के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि समाज को इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

सांसद का यह बयान ऐसे समय आया है जब देश में जनसंख्या, प्रजनन दर और बदलते डेमोग्राफिक पैटर्न को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर लगातार बहस होती रही है। ‘हम दो, हमारे पांच’ के उनके बयान के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

नवरात्रि की तैयारियों को लेकर हुई बैठकयह बैठक बड़वानी के कालिका मंदिर में नवरात्रि उत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई थी। इसी दौरान सांसद ने हिंदू समाज की जनसंख्या और जन्मदर से जुड़े मुद्दे पर अपनी बात रखी।

Ad