10वीं पास कामकाजी लोगों के लिए बड़ी खबर, नौकरी के साथ कर सकेंगे डिप्लोमा

खबर शेयर करें -

नई दिल्ली। 10वीं पास करने के बाद नौकरी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब वे नौकरी छोड़े बिना तकनीकी डिप्लोमा की पढ़ाई कर सकेंगे। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने 10वीं पास कामकाजी लोगों को ‘वर्किंग प्रोफेशनल’ कैटेगरी के तहत डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश देने का निर्णय लिया है।

इस फैसले का फायदा खास तौर पर इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, कंस्ट्रक्शन समेत तकनीकी क्षेत्रों में काम कर रहे उन लोगों को मिलेगा, जिन्होंने 10वीं के बाद आर्थिक या पारिवारिक परिस्थितियों के कारण आगे की पढ़ाई छोड़कर नौकरी शुरू कर दी थी।

नौकरी के साथ पढ़ाई का मिलेगा मौकाअब ऐसे कामकाजी लोग अपनी नौकरी जारी रखते हुए डिप्लोमा पूरा कर सकेंगे। उनके लिए शाम और वीकेंड में कक्षाएं संचालित किए जाने का प्रावधान है। इससे कामकाजी लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।

डिप्लोमा की तकनीकी योग्यता हासिल करने से इन लोगों के लिए करियर में आगे बढ़ने, पदोन्नति पाने और तकनीकी योग्यता आधारित रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।

राज्यों को प्रवेश प्रक्रिया तैयार करने के निर्देश AICTE ने सभी राज्यों को इस व्यवस्था को लागू करने के निर्देश दिए हैं। प्रवेश राज्य स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत होगा और मेरिट तथा प्रवेश परीक्षा के आधार पर केंद्रीय काउंसलिंग के माध्यम से दाखिला दिया जाएगा। AICTE से स्वीकृत संस्थानों को अपनी ओर से अलग प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।

नजदीकी तकनीकी संस्थानों में मिलेगा अवसरवर्किंग प्रोफेशनल्स को उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए नजदीकी पॉलिटेक्निक या तकनीकी संस्थानों में प्रवेश दिए जाने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि वे नौकरी के साथ शाम या वीकेंड की कक्षाओं में शामिल हो सकें।

AICTE की यह पहल उन कामकाजी लोगों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जो पढ़ाई छोड़ने के बाद तकनीकी शिक्षा हासिल नहीं कर पाए थे। अब उनके लिए ‘कमाओ भी और पढ़ो भी’ के साथ तकनीकी योग्यता बढ़ाने का रास्ता खुल गया है।

Ad