खबर शेयर करें -

हल्द्वानी : बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रेलवे स्टेशन परिसर, ट्रैक और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाल लिया है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, यार्ड और ट्रैक के किनारे अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाई गई है और नियमित गश्त की जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे भूमि पर अतिक्रमण का मामला लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन है। सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई के मद्देनजर प्रशासन नहीं चाहता कि कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो। इसी के चलते स्थानीय प्रशासन, जिला पुलिस और रेलवे प्रशासन के बीच समन्वय बैठकों का दौर भी जारी है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों से भी सुरक्षा जांच में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि न्यायालय के आदेशों का पूर्ण सम्मान किया जाएगा और किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक एवं रेलवे संपत्ति को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया ।

Ad