खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली समाजसेवी चंद्र कला राठौर का विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास में शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित सादे किन्तु गरिमामय कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि चंद्र कला राठौर ने लंबे समय तक एम्स ऋषिकेश में अपनी सेवाएं प्रदान की हैं। वर्तमान में वह हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा ने उन्हें समाज में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।प्रधानाचार्य पंत ने कहा कि चंद्र कला राठौर न केवल अपने पेशेवर दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन कर रही हैं, बल्कि सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय योगदान दे रही हैं। जरूरतमंदों की सहायता, जागरूकता कार्यक्रमों में सहभागिता और समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता उन्हें अन्य लोगों से अलग पहचान दिलाती है। उन्होंने इसे विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका सेवा भाव और समर्पण समाज के लिए एक उदाहरण है।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि चंद्र कला राठौर आगे भी इसी तरह समाज और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

Ad