स्वास्थ्य जांच को लेकर Sharing Smiles Foundation की पहल, 40 ग्रामीण लाभान्वित
रायवाला। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों को समय पर बीमारी की पहचान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से Sharing Smiles Foundation की ओर से खांड गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य जांच एवं डायग्नोस्टिक कैंप आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन Dr. Lal PathLabs के सहयोग से किया गया।
शिविर में करीब 40 स्थानीय ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, यूरिक एसिड, हीमोग्लोबिन, HbA1c समेत विभिन्न जरूरी रक्त जांच कराई गईं। जांच के लिए अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।ग्रामीणों को जांच की सुविधा बेहद रियायती दर पर उपलब्ध कराई गई। प्रत्येक जांच के लिए करीब 10 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी जरूरी स्वास्थ्य जांच करा सकें।
फाउंडेशन के प्रतिनिधि ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में हाइपरटेंशन, डायबिटीज और एनीमिया जैसी कई स्वास्थ्य समस्याएं शुरुआती दौर में सामने नहीं आतीं। ऐसे में गांव स्तर पर नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव है।
Sharing Smiles Foundation रायवाला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्था की ओर से स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर एवं शुगर स्क्रीनिंग, चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और गांव स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं।
संस्था ने भविष्य में आसपास के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह के स्वास्थ्य जांच शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बताई है।


