उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, आठ जिलों में यलो अलर्ट; बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बाद भले ही मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन सोमवार को एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इसे देखते हुए आठ जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

इन आठ जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मौसम में बदलाव के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

मैदानी इलाकों में मौसम रहेगा शुष्क

प्रदेश के मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी बारिश की संभावना कम है। वहीं, अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान के कारण दिन के समय गर्मी का एहसास बना हुआ है।

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम में बदलाव के चलते आने वाले दिनों में तापमान में भी कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

Ad