जनता की फरियाद पर प्रशासन सख्त, समाधान दिवस में 126 शिकायतें दर्ज
देहरादून। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में जिलेभर से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 126 शिकायतें दर्ज की गईं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
एडीएम ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा।
बुजुर्गों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई
समाधान दिवस में बुजुर्गों से जुड़ी शिकायतों पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। 73 वर्षीय मदनलाल भल्ला ने बेटे पर बुढ़ापे में उपेक्षा करने का आरोप लगाया। मामले में प्रशासन ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
वहीं, 74 वर्षीय विधवा रेणुका खनका ने बहू पर पैतृक संपत्ति हड़पने, मारपीट और देखभाल नहीं करने के आरोप लगाए। मामले में सीओ रायपुर और महिला सेल को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अवैध कब्जे और निर्माण पर सख्ती
गायत्री विहार निवासी बुजुर्ग दंपती ने पड़ोसी पर संपत्ति पर अवैध कब्जे और एमडीडीए के सीलिंग आदेशों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। मामले में एमडीडीए को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सेवाकलां निवासी संजय कुमार की पुश्तैनी भूमि पर कब्जे और धमकी की शिकायत पर एसडीएम सदर को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, रेसकोर्स निवासी आशीष बड़थ्वाल की अवैध निर्माण संबंधी शिकायत पर एसडीएम सदर और पुलिस क्षेत्राधिकारी को स्थलीय निरीक्षण के आदेश दिए गए।
सड़क, पेयजल और पुलिया की समस्याएं भी उठीं
जनसुनवाई में इंद्रलोक कॉलोनी में सीवर लाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़क, खुड़बुड़ा में गंदे पानी की आपूर्ति, रानीपोखरी में पेयजल कनेक्शन और शुल्क में अनियमितता समेत कई मामले उठे। अधिकारियों को संबंधित मामलों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
आशारोड़ी-झाझरा हाईवे निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर एनएचएआई को जांच के निर्देश दिए गए। चकराता क्षेत्र के खारसी मोटर मार्ग और कोल्डपानी सत्तौर में भू-कटाव की समस्या पर पीडब्ल्यूडी व एसडीएम को कार्रवाई के लिए कहा गया।
कालसी के कामला स्थित हड्डियागाड़ में बारिश से क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी का भी मामला सामने आया। एसडीएम कालसी को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
आपदा राहत और आर्थिक सहायता के मामलों पर भी निर्देश
कुडियाल ग्राम पंचायत में आपदा से क्षतिग्रस्त हाथी सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। प्रकाश पंत मार्ग से एयरपोर्ट तक जंगली हाथियों से बचाव के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं, गांधी रोड निवासी कुछ लोगों ने आर्थिक तंगी, बच्चों की शिक्षा और बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। संबंधित एसडीएम को मामलों की जांच के निर्देश दिए गए।जनसुनवाई में संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


