डोईवाला के नवनियुक्त बीडीओ राजेंद्र सिंह बिष्ट ने विधायक प्रेमचंद अग्रवाल से की शिष्टाचार भेंट
ऋषिकेश। डोईवाला ब्लॉक में पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राजेंद्र सिंह बिष्ट ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने राजेंद्र सिंह बिष्ट को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ब्लॉक ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण इकाई है, जिसके माध्यम से सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाता है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने क्षेत्र की जरूरतों को समझते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बीडीओ राजेंद्र सिंह बिष्ट अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और तत्परता से निर्वहन करेंगे।इस अवसर पर डोईवाला क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।


