AIIMS ऋषिकेश में फैकल्टी भर्ती पर सवाल, आरक्षण रोस्टर की जांच की मांग
ऋषिकेश। AIIMS ऋषिकेश में फैकल्टी के पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर आरक्षण व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता आशुतोष शर्मा ने आरोप लगाया है कि कुछ पदों को किस आरक्षण श्रेणी में रखा गया है, इसमें गड़बड़ी होने की आशंका है।
आशुतोष शर्मा का कहना है कि उन्होंने इस मामले में जून 2026 में AIIMS प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने मांग की थी कि पहले आरक्षण रोस्टर की जांच की जाए और उसके बाद ही भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
उन्होंने आरक्षण रोस्टर और उससे जुड़े दस्तावेजों की जानकारी लेने के लिए RTI भी लगाई थी। जवाब नहीं मिलने पर 17 सितंबर को प्रथम अपील की गई।
इसी बीच 25 सितंबर से फैकल्टी पदों के लिए इंटरव्यू शुरू हो गए। इंटरव्यू शुरू होने से एक दिन पहले 24 सितंबर को चयन समिति और संबंधित अधिकारियों को ई-मेल भेजकर पूरी आपत्ति की जानकारी दी गई।
आशुतोष शर्मा का कहना है कि उनका विरोध किसी उम्मीदवार या चयन समिति के सदस्य से नहीं है। उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि पहले यह साफ किया जाए कि सभी पदों पर आरक्षण का नियम सही तरीके से लागू हुआ है या नहीं।
उन्होंने कहा कि अगर आपत्तियों का समाधान किए बिना भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाती है, तो वह मामले को उत्तराखंड हाईकोर्ट में ले जाने पर विचार करेंगे।
अब इस मामले में AIIMS ऋषिकेश प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।
