कुंभ की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त ने लिया जायजा, समय पर काम पूरा करने के निर्देश

खबर शेयर करें -

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने भूपतवाला, वेद निकेतन घाट, खड़खड़ी पुल और बैरागी कैंप में चल रहे निर्माण एवं अवस्थापना कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों को काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

भूपतवाला में उन्होंने पावन धाम पंपिंग पेयजल योजना के पुनर्गठन कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार करीब 1.52 करोड़ रुपये की लागत से योजना का काम पूरा हो चुका है। मंडलायुक्त ने कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को पर्याप्त और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद वेद निकेतन घाट का निरीक्षण किया गया। करीब 1.09 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस घाट की लंबाई 72 मीटर होगी। मंडलायुक्त ने निर्माण में गुणवत्ता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

खड़खड़ी पुल और अटल बिहारी वाजपेयी अतिथि गृह में चल रहे अनुरक्षण एवं पुनरुद्धार कार्यों की भी जानकारी ली गई।वहीं, बैरागी कैंप में मेला शिविरों और अखाड़ों के लिए प्रस्तावित भूमि की ड्रेसिंग एवं लेवलिंग का जायजा लिया गया। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि भूमि आवंटन से पहले सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य जरूरी अस्थायी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।

इसके अलावा सती कैंप, दक्षद्वीप और गौरीशंकर क्षेत्र में सेक्टर प्लान और अस्थायी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

Ad