राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, 15 दिन का अल्टीमेटम

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस ऋषिकेश ने चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। युवा कांग्रेस ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। सुधार नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।

ऋषिकेश विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में अस्पताल में चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की कमी, ICU में पर्याप्त मानव संसाधन का अभाव, OPD और बिलिंग काउंटर पर भीड़, दवा वितरण, जांच सुविधाओं और 24 घंटे आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को उठाया गया।

युवा कांग्रेस ने अस्पताल प्रशासन के सामने 11 प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, ICU में पर्याप्त डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की व्यवस्था, 24×7 इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत करना, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की नियमित सुविधा, OPD व बिलिंग काउंटर पर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता प्रमुख हैं।

इसके अलावा पैथोलॉजी जांच की बेहतर सुविधा, महिला एवं स्त्री रोग सेवाओं में सुधार, अस्पताल में साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था तथा मरीजों और तीमारदारों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय की मांग भी की गई।15 दिन में सुधार नहीं तो आंदोलनयुवा कांग्रेस ने अस्पताल प्रशासन को 15 दिन का समय देते हुए कहा कि निर्धारित अवधि में व्यवस्थाओं में ठोस सुधार नहीं किया गया तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेगा। ज्ञापन में आंदोलन की स्थिति में संबंधित विभाग और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराने की बात कही गई है।

ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व प्रदेश सचिव सौरव वर्मा, जिला उपाध्यक्ष विशाल स्नेह, ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु कश्यप, विधानसभा उपाध्यक्ष निशांत बागरी, अभिषेक बंसल और आशीष चौहान, विधानसभा महासचिव मनीष राजभर, जतिन चौधरी, विनीत सेमल्टी और सागर कोयल, विधानसभा सचिव अभिषेक राम सहित सिद्धार्थ सिंह, राहुल सहानी और अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Ad