कुंजापुरी मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, सेफ्टी ऑडिट और क्राउड मैनेजमेंट पर जोर

खबर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल। आगामी कुंजापुरी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल और एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने मेला स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने झंडारोहण स्थल, झांकियों के लिए निर्धारित स्थान, स्टॉल लगाए जाने वाले स्थल समेत मेले से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो। उन्होंने पुलिस, फायर और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम गठित कर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए, ताकि मेले से पहले सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कर कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।

वहीं, मेले के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए क्राउड मैनेजमेंट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रवेश और निकास मार्गों के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिड़ियाल, सीओ नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Ad