कारगिल योद्धाओं समेत पूर्व सैनिकों का सम्मान, ऋषिकेश में आयोजित हुआ ‘वीर गाथा सैनिक सम्मान’
ऋषिकेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प एवं सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत ऋषिकेश में ‘वीर गाथा सैनिक सम्मान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने पूर्व सैनिकों को माल्यार्पण कर और मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया।
अपने कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का योगदान राष्ट्र हमेशा स्मरण करता रहेगा। सैनिकों के शौर्य, साहस और समर्पण के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उनकी वीर गाथाएं और देश सेवा के अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
इस अवसर पर जयवीर कठैत (सेना मेडल), राम सिंह पंवार, केशव पुरोहित, रमेश सिंह रावत, सुरेंद्र कुकशाल, अमरदेव बडोनी और उत्तम नेगी को सम्मानित किया गया। इनमें कई पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध में अपनी सेवाएं दी थीं। वहीं, बृजमोहन मनोरी को भी सम्मानित किया गया, जिनके पिता राजेंद्र मनोरी को वर्ष 1962 के युद्ध में दो समर मेडल प्राप्त हुए थे।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने अपने सैन्य अनुभव साझा किए और देश सेवा के दौरान की यादों को भी लोगों के साथ साझा किया।इस दौरान ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, अजय साहू, अरविंद चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।


