रायवाला में ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, शिनाख्त के प्रयास जारी
ऋषिकेश। रायवाला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:41 बजे कोतवाली रायवाला को गजराज सिंह रेलवे स्टेशन, रायवाला के पॉइंट्समैन के माध्यम से सूचना मिली। ट्रेन संख्या 14887 के चालक ने वीरभद्र और रायवाला के बीच किलोमीटर संख्या 1/12 के पास एक महिला के ट्रेन की चपेट में आने की जानकारी दी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। चीता पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बताया कि महिला की उम्र करीब 40 वर्ष है। उसने क्रीम रंग की मैक्सी और पीले रंग का पलाजो पहना हुआ था। महिला के दाहिने हाथ पर टैटू बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार, महिला सत्यनारायण मंदिर से गौहरी माफी जाने वाले मार्ग पर रेलवे पुलिया के पास, जंगलात चौकी के नजदीक ट्रेन की चपेट में आई थी। मौके पर 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और शव को सरकारी अस्पताल ऋषिकेश भेज दिया गया।
पहचान के लिए जुटी पुलिस
मृतका की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। महिला के पास पहने हुए कपड़ों के अलावा कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक, महिला के गले में मंगलसूत्र, कानों में बालियां और पैरों में पायल थी। उसके दाहिने हाथ पर बना टैटू भी पहचान का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।
पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ महिला की पहचान के अन्य संभावित माध्यमों से भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल शव को सरकारी अस्पताल ऋषिकेश में रखा गया है और शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस हुलिए की महिला के बारे में जानकारी हो या वह महिला किसी क्षेत्र से लापता हो, तो रायवाला थाना पुलिस से संपर्क किया जा सकता है।


