गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी BBA डिग्री से दिल्ली में कर रहा था नौकरी, पौड़ी पुलिस ने आरोपी को दबोचा
श्रीनगर/पौड़ी: एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी अंकतालिका और डिग्री तैयार कर उसका इस्तेमाल करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने विश्वविद्यालय की फर्जी BBA की अंकतालिका और डिग्री के आधार पर एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी हासिल की थी। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के बसंत विहार साउथ दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
मामले की शुरुआत 25 मार्च 2026 को हुई, जब एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान ने कोतवाली श्रीनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कासिफ कलीम समेत अन्य लोगों द्वारा विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिकाओं, डिग्री प्रारूपों और विश्वविद्यालय की मोहरों के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर तैयार कर कूटरचित दस्तावेज बनाए गए और उन्हें वास्तविक अभिलेखों के रूप में विभिन्न स्थानों पर इस्तेमाल किया गया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में मु0अ0सं0-19/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 336(4), 338 एवं 340(2) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पहले दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तारमामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने नामजद आरोपियों और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम इससे पहले नामजद आरोपी कासिफ कलीम और विवेचना के दौरान सामने आए आरोपी देवांश पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
फर्जी डिग्री से हासिल की मैनेजर की नौकरीइसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच के लिए लगातार सुरागरसी, पतारसी और सूचना संकलन किया। गहन विवेचना के दौरान पुलिस को मनजीत सिंह की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, मनजीत सिंह ने एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी BBA अंकतालिका और डिग्री तैयार करवाई/बनाई थी और इसी के आधार पर एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को बसंत विहार, साउथ दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरणनाम: मनजीत सिंहपिता: सतवीर सिंहनिवासी: ग्राम संतोखपुरा, थाना सदर, तहसील चरखी दादरी, जिला भिवानी, हरियाणाउम्र: 33 वर्ष
पंजीकृत अभियोगमु0अ0सं0-19/2026धाराएं: 318(4), 336(3), 336(4), 338 एवं 340(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS)


