देहरादून में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, बुजुर्ग दंपती और मेड की हत्या

खबर शेयर करें -

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती और उनकी मेड की हत्या का मामला सामने आया है। मकान नंबर 16 में हुई वारदात में ऑर्डनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त रमेश कपूर (83), उनकी पत्नी रजनी कपूर (76) और मेड शीला (करीब 55 वर्ष) की मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी कथित तौर पर लूट के इरादे से घर में दाखिल हुआ था। उसने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से पेचकस से उन पर कई वार कर दिए।

शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे

बताया जा रहा है कि घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे की है। रजनी कपूर पर हमला होते देख मेड शीला ने शोर मचाया। आरोप है कि आरोपी ने शीला पर भी पेचकस से हमला कर दिया। घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

पड़ोसी भारती भंडारी के अनुसार, उन्होंने घर के अंदर आरोपी को मेड पर हमला करते देखा। शोर मचाने पर आरोपी उनकी ओर भी बढ़ा। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी घर से बाहर निकलकर भागने लगा और रास्ते में पेचकस दिखाकर लोगों को डराने का प्रयास किया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

एंबुलेंस में देरी का आरोप

घटना के बाद तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 10 मिनट इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिसके बाद पड़ोसी अपने वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर गए।

अस्पताल में उपचार के दौरान रमेश कपूर, रजनी कपूर और मेड शीला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Ad