पीएम मोदी ने किया भगवान राम की 77 फीट ऊंची दुनिया की सबसे बड़ी कांस्य प्रतिमा का अनावरण

खबर शेयर करें -

पणजी/दक्षिण गोवा: दक्षिण गोवा के श्री संस्थान गोकर्ण जीवोतम परिसर में आज इतिहास रचने वाला क्षण सामने आएगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान राम की 77 फीट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह प्रतिमा न केवल गोवा की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाई देगी, बल्कि दुनिया में भगवान राम की अब तक की सबसे ऊंची कांस्य प्रतिमा के रूप में भी अपनी पहचान दर्ज कराएगी।

अनावरण समारोह के लिए परिसर को दिव्य और भव्य सजावट से सजाया गया है। पारंपरिक गोवा-शैली के स्वागत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधु-संत और सांस्कृतिक कलाकार इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भजन, कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार का दौर जारी है, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया है।

यह प्रतिमा भगवान राम के तेज, पराक्रम और आदर्शों को दर्शाती है। प्रतिमा को विशेष कांस्य मिश्र धातु से तैयार किया गया है, जिसकी मजबूती और चमक इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखेगी। प्रतिमा के आधार पर रामायण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को उकेरा गया है, जिनसे आने वाली पीढ़ियाँ भगवान राम के चरित्र और आदर्शों के बारे में प्रेरणा लेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी अपने गोवा दौरे के बाद कर्नाटक के लिए भी रवाना होंगे। कर्नाटक में भी वे कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। केंद्र सरकार के ‘विकसित भारत’ विज़न को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह दौरा विशेष महत्व रखता है।

भव्य अनावरण के प्रति स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रतिमा के निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नया बढ़ावा मिलने की भी उम्मीद है। व्यापारी, होटल व्यवसायी और स्थानीय प्रशासन इस आयोजन को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं।

भगवान राम की यह नई भव्य प्रतिमा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि भारतीय संस्कृति, कला और विरासत की जीवंत मिसाल भी है जो आने वाले वर्षों तक देश-विदेश में आकर्षण का केंद्र बनी रहेगी।

Ad