संगठन सृजन अभियान के तहत मोहित उनियाल फिर बने परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष
डोईवाला : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत परवादून जिले में एक बार फिर मोहित उनियाल पर भरोसा जताते हुए उन्हें कांग्रेस जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव संगठन के. वी. वेणुगोपाल द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के माध्यम से इसकी औपचारिक घोषणा की गई। मोहित उनियाल पिछले तीन वर्षों से परवादून कांग्रेस जिला अध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता बनाए रखने की दिशा में कई सराहनीय पहल कीं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए ही केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर एक बार फिर विश्वास जताया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने मोहित उनियाल की पुनर्नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने बीते कार्यकाल में संगठन के विस्तार, बूथ समितियों के पुनर्गठन और युवाओं को पार्टी से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मोहित उनियाल ने हमेशा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है और उनकी कार्यशैली ने संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की है। नियुक्ति के बाद मोहित उनियाल ने प्रदेश नेतृत्व एवं कांग्रेस उच्च के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों के मद्देनजर उनकी प्राथमिकता संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना रहेगा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस की जननीति को घर-घर तक पहुंचाना और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना ही मेरा लक्ष्य रहेगा।”

कांग्रेस नेतृत्व को विश्वास है कि मोहित उनियाल के नेतृत्व में परवादून जिला कांग्रेस संगठन और अधिक मज़बूत होगा तथा जनता से जुड़े मसलों को मजबूती से उठाने के साथ-साथ संगठनात्मक एकजुटता को और सशक्त बनाया जा सकेगा।स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी इस निर्णय को लेकर उत्साह का माहौल है। उनका कहना है कि मोहित उनियाल का अनुभव, समर्पण और जनता से जुड़ाव संगठन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
