देहरादून में राशन दुकानों की होगी सघन जांच, डीएम ने एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट

खबर शेयर करें -

देहरादून। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और राशन वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में संचालित उचित दर राशन की दुकानों का नियमित निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। इस पहल के तहत दुकानों की साफ-सफाई, खाद्यान्न की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की जांच की जाएगी।

निरीक्षण कार्य को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने सेक्टर अधिकारियों के साथ संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों अथवा पूर्ति निरीक्षकों की तैनाती की है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित वार्डों में राशन की दुकानों का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान दुकानों में स्वच्छता की स्थिति, उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जा रहे खाद्यान्न की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार राशन वितरण की व्यवस्था की जांच की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उचित दर की दुकानों का संचालन तय नियमों के अनुरूप हो रहा है।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण के बाद एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ाना, अनियमितताओं पर नजर रखना और पात्र लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

Ad