कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में स्वच्छता अभियान तेज, हरकी पैड़ी से हुई शुरुआत
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेज होने लगी हैं। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपदभर में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर संचालित इस अभियान के तहत शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अभियान का शुभारंभ हरकी पैड़ी से किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान के जरिए धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा देने की पहल की गई है।
यह विशेष अभियान सात नवंबर तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा। इसके तहत स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कुंभ मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्वच्छता व्यवस्था को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान को सफल बनाने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, संत समाज, जनप्रतिनिधियों, औद्योगिक इकाइयों और आमजन से सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने सामूहिक भागीदारी के माध्यम से हरिद्वार को स्वच्छ बनाने पर जोर दिया।
प्रशासन का उद्देश्य कुंभ मेले से पहले स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और जनसहयोग के जरिए स्वच्छ हरिद्वार का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।


