भारत-नेपाल के रिश्तों को मिली नई रफ्तार, छारछुम मोटर पुल का भव्य लोकार्पण

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़। भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। धारचूला के छारछुम में नवनिर्मित मोटर पुल का सोमवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से संयुक्त रूप से इसका शुभारंभ किया। इस पुल के शुरू होने से दोनों देशों के सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील के छारछुम गांव को नेपाल के दार्चुला जिले के असिगाड़ा क्षेत्र से जोड़ने वाला यह पुल करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसकी लंबाई 110 मीटर है। अब तक जिन क्षेत्रों के लोगों को आवाजाही के लिए झूला पुलों पर निर्भर रहना पड़ता था, उन्हें वाहनों के जरिए सीमा पार आने-जाने की सुविधा मिल सकेगी।

लोकार्पण के अवसर पर छारछुम पुल परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसएसबी के डीआईजी एस. सुब्रमणियम, कस्टम्स कमिश्नर मयंक शर्मा और नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल समेत दोनों देशों के अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भी भागीदारी की।

पुल के शुभारंभ पर सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक गीतों और नृत्यों के माध्यम से ग्रामीणों ने अपनी खुशी जाहिर की और दोनों देशों की सरकारों के प्रति आभार जताया।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि इस पुल के निर्माण से सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगा। इसके साथ ही भारत और नेपाल के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को भी नई मजबूती मिलेगी।

वहीं, नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने कहा कि झूला पुलों के बजाय मोटर पुल से आवाजाही की सुविधा मिलने पर लोगों का समय बचेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचेगा।

उत्तराखंड में भारत और नेपाल के बीच बनने वाला यह दूसरा मोटरेबल पुल है। इसके शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों, आपसी संपर्क और सामाजिक रिश्तों को विस्तार मिलने की उम्मीद है।

Ad