अमित शाह ने उत्तराखंड को बताया देश का सांस्कृतिक हृदय, बाबा केदार से की प्रदेश की खुशहाली की कामना

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्तराखंड की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और राष्ट्रीय पहचान की सराहना की। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड को देश का सांस्कृतिक हृदय बताते हुए यहां की गौरवशाली परंपराओं और लोगों के योगदान को विशेष बताया।

अपने संदेश में अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड अपनी अनुपम प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध आध्यात्मिक विरासत और जीवंत लोक संस्कृति के चलते देश में विशिष्ट स्थान रखता है। यहां की धार्मिक परंपराएं, लोक जीवन और सांस्कृतिक विरासत भारतीय सभ्यता की महत्वपूर्ण धरोहर हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने राष्ट्रसेवा के साथ-साथ साहित्य, कला और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और समर्पण से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। देवभूमि के लोगों की मेहनत और उपलब्धियों ने राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाई है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने भगवान बाबा केदार से प्रार्थना करते हुए उत्तराखंड की निरंतर उन्नति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। स्थापना दिवस पर उनका यह संदेश प्रदेश के सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय योगदान को रेखांकित करता है।

Ad