राज्य स्थापना दिवस पर शहीद स्मारक पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, आंदोलन के अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने पृथक उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के संघर्ष और बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिली है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही है।

पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंचाना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड का निर्माण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। राज्य की सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना सरकार का लक्ष्य है।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Ad