भुली योजना को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला, 5.23 लाख महिलाओं तक ही लाभ सीमित रखने पर उठाए सवाल

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में भुली योजना के तहत महिलाओं को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस योजना के लाभार्थियों की संख्या को लेकर भाजपा सरकार से जवाब मांगा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में बड़ी संख्या में महिलाएं हैं तो सरकार केवल 5.23 लाख महिलाओं को ही आर्थिक सहायता देने की बात क्यों कर रही है। उन्होंने पूछा कि बाकी महिलाओं को योजना के दायरे से बाहर रखने का आधार क्या है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि लाभार्थियों की संख्या निर्धारित करने के लिए कौन से मानक अपनाए गए हैं। साथ ही यह भी बताना चाहिए कि प्रदेश की अन्य महिलाएं इस सहायता से वंचित क्यों रहेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार घोषणाओं के जरिए जनता को आकर्षित करने का प्रयास कर रही है, जबकि योजनाओं का वास्तविक लाभ कितने लोगों तक पहुंचेगा, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं रखी जा रही है।

बेरोजगारी के मुद्दे पर भी मांगा जवाब

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश में बेरोजगारी की स्थिति को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने अब तक क्या ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को रोजगार के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों और युवाओं के लिए किए गए प्रयासों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।

प्रीतम सिंह ने भी सरकार की घेराबंदी की

कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने भी रोजगार के मुद्दे पर भाजपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में विफल रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की योजना हो या युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था, दोनों ही मामलों में सरकार को अपनी नीति और उपलब्धियों को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। पार्टी ने सरकार से घोषणाओं के बजाय धरातल पर उनके क्रियान्वयन और आम लोगों तक पहुंचने वाले लाभ का विवरण देने की मांग की है।

Ad