NEET स्कोर कार्ड में 100 अंकों का अंतर, BAMS दाखिले की काउंसलिंग में सामने आया संदिग्ध मामला
उत्तराखंड में आयुष-यूजी काउंसलिंग के दौरान बीएएमएस (BAMS) में प्रवेश को लेकर दस्तावेजों में कथित हेरफेर का मामला सामने आया है। एक अभ्यर्थी के नीट स्कोर कार्ड में 100 अंक अधिक दर्शाए जाने का आरोप है। मामला तब उजागर हुआ, जब काउंसलिंग के दौरान प्रस्तुत किए गए स्कोर कार्ड का क्यूआर कोड स्कैन किया गया। स्कैन करने पर दस्तावेज में 315 के बजाय 215 अंक दर्ज मिले। इसके बाद विश्वविद्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अभ्यर्थी के पिता के खिलाफ डोईवाला थाने में शिकायत दी है।
यह मामला आयुष-यूजी मॉप-अप राउंड की काउंसलिंग से जुड़ा है। हरियाणा के फरीदाबाद निवासी अनुराग खरे अपनी बेटी आस्था खरे के दाखिले के लिए उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय पहुंचे थे। यहां जारी मेरिट सूची में बेटी के नीट स्कोर में 215 अंक दर्ज थे। इस पर पिता ने आपत्ति जताते हुए दावा किया कि उनकी बेटी को परीक्षा में 315 अंक मिले हैं। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में 315 अंकों वाला स्कोर कार्ड भी प्रस्तुत किया था।
क्यूआर कोड स्कैन करते ही सामने आया अंतर
विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को प्रस्तुत स्कोर कार्ड पर संदेह हुआ। इसकी पुष्टि के लिए जब क्यूआर कोड स्कैन किया गया तो उसमें 215 अंक ही प्रदर्शित हुए। इसके बाद विश्वविद्यालय ने अपने रिकॉर्ड खंगाले तो एक ही आवेदन संख्या के आधार पर दो अलग-अलग आवेदन प्रपत्र सामने आए। दोनों दस्तावेजों में अंक और ऑल इंडिया रैंक अलग-अलग दर्ज थी।
रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आवेदनों में 19 नवंबर को सुबह 8:53 बजे च्वाइस लॉक की गई थी। इतना ही नहीं, दोनों में दो-दो हजार रुपये शुल्क जमा होने का विवरण भी समान था। इसके बावजूद एक आवेदन में नीट के 215 अंक और दूसरे में 315 अंक दर्ज पाए गए।
ऑल इंडिया रैंक में भी चार लाख का अंतर
जांच के दौरान दोनों आवेदनों की रैंक में भी बड़ा अंतर सामने आया। 215 अंक वाले आवेदन में अभ्यर्थी की ऑल इंडिया रैंक 9,81,113 दर्ज थी, जबकि 315 अंक वाले दूसरे आवेदन में रैंक 5,81,113 दिखाई गई। दोनों रिकॉर्ड में पर्सेंटाइल का विवरण भी अलग था।
विश्वविद्यालय की ओर से 21 नवंबर को जारी अनंतिम मेरिट सूची में अभ्यर्थी के 215 अंक और 9,81,113 रैंक ही दर्ज की गई थी। काउंसलिंग के दौरान पेश किए गए स्कोर कार्ड की जांच में भी इन्हीं अंकों की पुष्टि हुई। इसके बाद पूरे प्रकरण को काउंसलिंग बोर्ड के समक्ष रखा गया।
विश्वविद्यालय ने पुलिस से मांगी जांच
काउंसलिंग बोर्ड ने उपलब्ध दस्तावेजों को संदिग्ध मानते हुए प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव संजीव कुमार पांडेय ने डोईवाला थाने में तहरीर देकर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
विश्वविद्यालय के मुताबिक, नीट से संबंधित अभ्यर्थियों का डाटा उसे हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय से प्राप्त होता है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि 315 अंक वाला स्कोर कार्ड कहां से आया और एक ही आवेदन संख्या पर अलग-अलग अंकों एवं रैंक वाले दो आवेदन कैसे तैयार हुए।
पहले भी सामने आ चुके हैं दाखिले में फर्जी दस्तावेज
उत्तराखंड में मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया के दौरान फर्जी प्रमाण पत्रों का मामला पहले भी सामने आ चुका है। एमबीबीएस काउंसलिंग में स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटे के तहत प्रवेश पाने वाले चार अभ्यर्थियों के दस्तावेजों में गड़बड़ी पाई गई थी।
इसके बाद चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने राज्य कोटे से दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच कराई। इस दौरान जाति और आरक्षण से संबंधित कई प्रमाण पत्रों में अनियमितताएं सामने आईं। विश्वविद्यालय स्तर पर ऐसे 20 अभ्यर्थियों के दाखिले निरस्त किए गए थे। पूर्व में सामने आए इन मामलों के बाद अब आयुष-यूजी काउंसलिंग में भी दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।


