बैणी-भुली योजना के लिए आवेदन शुरू, पहली किस्त में मिलेंगे 10 हजार रुपये; पंचायत स्तर पर भरे जा रहे फॉर्म

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई बैणी-भुली योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। योजना में पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने का प्रावधान है। इसके लिए विभाग की ओर से लाभार्थियों का आवेदन फॉर्म जारी कर दिया गया है। हालांकि, योजना से संबंधित शासनादेश अभी जारी होना बाकी है।

योजना के आवेदन फॉर्म में महिलाओं से उनकी व्यक्तिगत जानकारी के साथ स्वयं सहायता समूह से जुड़ाव और स्वरोजगार की प्रस्तावित गतिविधियों का विवरण मांगा गया है। आवेदिका को अपना नाम, पति या पिता का नाम, गांव, ग्राम पंचायत, विकासखंड, जनपद और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके अलावा संबंधित स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), ग्राम संगठन (वीओ) और संकुल स्तरीय संघ (सीएलएफ) का नाम एवं कोड भी भरना अनिवार्य है।

बैंक खाते से लेकर आय के स्रोत तक देनी होगी जानकारी

आर्थिक सहायता की धनराशि सीधे बैंक खाते में भेजने के लिए आवेदन में बैंक का नाम, शाखा, खाता संख्या और आईएफएससी कोड मांगा गया है। इसके साथ ही महिला को अपनी श्रेणी भी स्पष्ट करनी होगी। इसमें लखपति दीदी, पुनः लखपति दीदी और वर्तमान लखपति दीदी से संबंधित विकल्प शामिल किए गए हैं।

आवेदन प्रक्रिया में सात प्रमुख खंड बनाए गए हैं, जिनमें 30 से अधिक जानकारियां दर्ज करनी होंगी। फॉर्म में महिलाओं की मौजूदा आजीविका गतिविधि, आय का मुख्य जरिया और अनुमानित सालाना आमदनी का ब्योरा भी मांगा गया है।

किस कारोबार के लिए चाहिए आर्थिक मदद, बताना होगा

योजना के तहत महिलाएं कृषि, पशुपालन, गैर-कृषि या सेवा क्षेत्र में किस तरह का नया स्वरोजगार शुरू करना चाहती हैं अथवा अपने मौजूदा व्यवसाय को आगे बढ़ाना चाहती हैं, इसकी जानकारी भी देनी होगी। इसके साथ ही प्रस्तावित गतिविधि के लिए आवश्यक कुल धनराशि का विवरण देना होगा। इसमें सीआईएफ, सीसीएल या स्वयं के स्तर से होने वाले निवेश का ब्योरा शामिल रहेगा।

इसके अलावा आवेदिका को यह भी बताना होगा कि स्वरोजगार के लिए उसे तकनीकी प्रशिक्षण या बाजार से जुड़ी सहायता की जरूरत है या नहीं। आवेदन के अंतिम चरण में महिला की स्व-घोषणा के साथ ग्राम संगठन और संकुल स्तरीय संघ का अनुमोदन भी आवश्यक होगा।

उपायुक्त ग्राम्य विकास विभाग एके राजपूत के अनुसार, विभाग की ओर से पंचायत स्तर पर महिलाओं से आवेदन फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। इसके माध्यम से योजना के संभावित लाभार्थियों और उनके स्वरोजगार से जुड़े प्रस्तावों का विवरण जुटाया जा रहा है।

Ad