छह माह के लिए बंद हुए लाटू देवता मंदिर के कपाट, बैसाख पूर्णिमा को होंगे दर्शन

खबर शेयर करें -

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के वाण गांव में स्थित प्रसिद्ध लाटू देवता मंदिर के कपाट मंगलवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच छह माह के लिए बंद कर दिए गए। अब श्रद्धालुओं को मंदिर के दर्शन के लिए बैसाख पूर्णिमा तक इंतजार करना होगा। इसी दिन विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट दोबारा खोले जाएंगे।

कपाट बंद करने की प्रक्रिया के दौरान विशेष धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया गया। सुबह मंदिर के पुजारी खीम सिंह ने आंखों पर पट्टी बांधकर मंदिर में प्रवेश किया और विधिवत दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद मंदिर के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही मंदिर परिसर लाटू देवता के जयकारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। राजजात समिति वाण के अध्यक्ष हीरा गढ़वाली ने बताया कि परंपरा के अनुसार मंदिर के कपाट छह महीने तक बंद रहेंगे और बैसाख पूर्णिमा के अवसर पर फिर से श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।

रहस्यमयी परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है मंदिर

लाटू देवता मंदिर अपनी अनूठी धार्मिक मान्यताओं और सदियों पुरानी परंपराओं के कारण विशेष पहचान रखता है। मंदिर से जुड़ी मान्यता के अनुसार, इसके गर्भगृह में नागमणि विराजमान है। इसी विश्वास के चलते मंदिर में पुजारी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं है।

पुजारी खीम सिंह के अनुसार, मंदिर के भीतर प्रवेश के दौरान विशेष नियमों का पालन किया जाता है। श्रद्धालु भी गर्भगृह से करीब 12 मीटर की दूरी पर रहकर ही पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिर की यही अनूठी परंपरा और रहस्यमयी मान्यताएं इसे क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल करती हैं।

Ad