सर्दियों में रेल यात्रियों को झटका, 27 फरवरी तक नहीं चलेगी देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस

खबर शेयर करें -

देहरादून। सर्दियों के मौसम में मैदानी इलाकों में छाने वाले घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने देहरादून और हावड़ा के बीच चलने वाली उपासना एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से निरस्त करने का फैसला लिया है।

रेलवे की ओर से जारी आदेश के अनुसार, ट्रेन संख्या 13035/13036 का संचालन दो दिसंबर से 27 फरवरी तक बंद रहेगा। इस संबंध में रेल मंत्रालय से निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। कोहरे के कारण देशभर में करीब 35 ट्रेनों को निर्धारित अवधि के लिए रद्द करने का निर्णय लिया गया है, जिनमें देहरादून से संचालित उपासना एक्सप्रेस भी शामिल है।

ट्रेन के निरस्त रहने से देहरादून से हावड़ा और इस रूट के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा की योजना बना रहे लोगों को अब वैकल्पिक ट्रेनों और अन्य परिवहन साधनों की व्यवस्था करनी होगी।

रेलवे का यह कदम सर्दियों के दौरान कम दृश्यता के कारण रेल परिचालन में आने वाली चुनौतियों और संभावित जोखिमों को देखते हुए उठाया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति और रेलवे की ओर से जारी नवीनतम जानकारी अवश्य जांच लें।

Ad