पीएफ और पेंशन से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान, 27 नवंबर को उत्तराखंड के सात जिलों में लगेंगे शिविर

खबर शेयर करें -

देहरादून। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की ओर से भविष्य निधि सदस्यों और पेंशनभोगियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए 27 नवंबर को प्रदेशभर में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। ‘निधि आपके निकट शिविर 2.0’ के तहत लगने वाले इन शिविरों में लोगों को पीएफ और पेंशन से संबंधित सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

ईपीएफओ की ओर से शिविरों का आयोजन सुबह नौ बजे से किया जाएगा। देहरादून जिले में यह शिविर सेलाकुई के शंकरपुर स्थित इंटरकोस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में लगाया जाएगा। यहां भविष्य निधि सदस्यों को पीएफ दावों की प्रक्रिया, खाते से धनराशि निकालने और ऑनलाइन आवेदन करने से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

इस पहल के तहत पेंशनभोगियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक शिविर में पेंशन हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां पेंशन से जुड़ी समस्याओं और सवालों का समाधान करने में मदद मिलेगी।

इन जिलों में भी लगेंगे शिविर

प्रदेश के अन्य जिलों में भी निर्धारित स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। हरिद्वार में गांव ठिठोला स्थित गोल्ड प्लस ग्लास इंडस्ट्रीज, टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में आनंदा इन द हिमालय और पौड़ी गढ़वाल में नगर पालिका थलीसैंण को शिविर स्थल बनाया गया है।

इसी तरह चमोली के जोशीमठ में एनटीपीसी, उत्तरकाशी के मोरी में एसजेवीएनएल और रुद्रप्रयाग में नगर पालिका परिषद परिसर में शिविर लगाए जाएंगे।

इन शिविरों का उद्देश्य पीएफ सदस्यों और पेंशनभोगियों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना और ईपीएफओ की सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना है।

Ad