संत रविदास की 650वीं जयंती पर समरसता यात्रा आज पहुंचेगी उत्तराखंड, कई शहरों से होकर गुजरेगी

खबर शेयर करें -

देहरादून। संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही अखिल भारतीय समरसता यात्रा मंगलवार को उत्तराखंड पहुंचेगी। प्रदेश में प्रवेश करने पर विकासनगर के कुल्हाल गेट पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यह यात्रा देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए रुड़की के धनौरी पहुंचेगी, जहां विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य संत रविदास के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है। समानता, आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और मानवता पर आधारित उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में यात्रा का मार्ग हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, झाझरा और प्रेमनगर से होकर देहरादून तक रहेगा। इसके बाद यात्रा माजरी ग्रांट, हर्रावाला, नेपाली फार्म, ऋषिकेश और हरिद्वार होते हुए धनौरी पहुंचेगी। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं की ओर से यात्रा का स्वागत किया जाएगा।

धनौरी में आयोजित होने वाली जनसभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई मंत्री, विधायक एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

बलवीर घुनियाल ने प्रदेशवासियों से यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने और संत रविदास के विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संत रविदास का समरसता और मानव कल्याण का संदेश समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देता है।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया सह-संयोजक कुलदीप रावत, समरसता यात्रा के प्रदेश सह-संयोजक सीताराम भट्ट, प्रदेश मोर्चा कार्यालय प्रभारी दयाराम और रुद्रप्रयाग जिला प्रभारी एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमित मोहन भी मौजूद रहे।

Ad