दिव्यांग कोटे से नियुक्त करीब 100 शिक्षकों की फिर होगी मेडिकल जांच, अपात्रता की शिकायतों पर विभाग सख्त
देहरादून। उत्तराखंड के शिक्षा विभाग में दिव्यांग कोटे के तहत नियुक्ति पाने वाले करीब 100 शिक्षकों की दोबारा मेडिकल जांच कराई जाएगी। दिव्यांग श्रेणी के लिए निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करने वाले कुछ अभ्यर्थियों द्वारा इस कोटे का लाभ लेकर नौकरी हासिल करने की शिकायतों के बाद विभाग ने यह कदम उठाया है। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, दिव्यांग कोटे के तहत नियुक्त कुछ शिक्षकों की पात्रता पर सवाल उठाए गए थे। इस मामले में नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड की ओर से हाईकोर्ट में जनहित याचिका भी दाखिल की गई थी। इसके बाद वर्ष 2022 में संबंधित शिक्षकों के दिव्यांगता प्रमाणपत्रों की राज्य मेडिकल बोर्ड से जांच कराई गई थी। बताया गया कि उस समय की जांच में प्रमाणपत्रों से जुड़ी अनियमितताएं सामने आई थीं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित शिक्षकों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी।
अब विभाग ने इस प्रकरण में दोबारा जांच कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे पहले एम्स ऋषिकेश में भी शिक्षकों की मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन एसआईआर और जनगणना संबंधी ड्यूटी के कारण सभी शिक्षकों की जांच पूरी नहीं हो पाई थी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, करीब 100 ऐसे शिक्षक हैं, जिनकी मेडिकल जांच अभी कराई जानी बाकी है। स्वास्थ्य महानिदेशालय की ओर से पत्र मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच प्रक्रिया के संचालन के लिए नोडल अधिकारी भी नामित कर दिया है।
नई जांच के जरिए शिक्षकों की दिव्यांगता संबंधी पात्रता और प्रमाणपत्रों की वास्तविक स्थिति का दोबारा परीक्षण किया जाएगा। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई को लेकर फैसला लिया जा सकता है।


